Responsive Ad Slot

ताजा खबर

latest

देश - विदेश

Desh - Videsh

BOLLYWHOOD

BOLLYWHOOD

JOB & EDUCTION

JOB & EDUCTION

Tech

TECHNOLOGY

CRIME

CRIME

मध्य-प्रदेश

छत्तीसगढ़

Videos

Videos

राजनीति

BOLLYWOOD

टेक्नोलॉजी

Anuppur: स्मैक तस्करी करते हुए कार सहित चार आरोपी धराए

कोई टिप्पणी नहीं

स्मैक की 34 पुड़िया बरामद, चचाई पुलिस की कार्यवाही

अनूपपुर जिले में नशा मुक्त अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना चचाई पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने स्मैक की तस्करी करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी चचाई सुंद्रेश सिंह के नेतृत्व में 3 फरवरी को यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि अमलाई की ओर से कार क्रमांक सीजी 04 एलपी 9997 के माध्यम से अवैध मादक पदार्थ स्मैक का परिवहन किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम ने चचाई क्षेत्र में घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने तेज गति से वाहन भगाना शुरू कर दिया। पीछा करने पर चालक ने बाबा कुटी मंदिर के पास झाड़ियों की ओर वाहन मोड़ दिया, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।

वाहन में सवार चार आरोपियों हरिकेश सिंह उर्फ मंत्री 35 वर्ष निवासी , अनूपपुर तहसील के पीछे (चालक), राकेश कुशवाहा 36 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती रोड अनूपपुर, संग पटेल 25 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती अनूपपुर, आकाश पटेल 27 वर्ष निवासी खोली थाना चचाई की तलाशी के दौरान आरोपी संग पटेल के पास से 34 पुड़िया स्मैक बरामद की गई, जिसका कुल वजन 5.67 ग्राम एवं अनुमानित कीमत 30 हजार बताई गई। इसके अतिरिक्त 4 हजार 940 नगद, पांच मोबाइल फोन तथा एक कार जब्त की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संगठित रूप से शहडोल से स्मैक खरीदकर अनूपपुर में उसकी बिक्री करते थे। मामले में आरोपियों के विरुद्ध धारा 8(b)/22 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 112(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही जिन व्यक्तियों से स्मैक खरीदी गई थी, उन्हें भी आरोपी बनाए जाने की प्रक्रिया जारी है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुंद्रेश सिंह के साथ उप निरीक्षक राघव बागरी, सहायक उप निरीक्षक लालमणि चौधरी, रावेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक विकास दहाय, मोहन सिंह, आरक्षक विवेक मिश्रा एवं राकेश द्विवेदी की सराहनीय भूमिका रही।

Anuppur: क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर जैतहरी के व्यापारी से 91 लाख की ठगी

कोई टिप्पणी नहीं

अज्ञात आरोपी ने अधिक मुनाफे का लालच देकर करवाया फर्जी निवेश, पुलिस ने दर्ज किया मामला

अनूपपुर क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच देकर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा जैतहरी के व्यापारी से करीब 91 लाख 32 हजार रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित फरियादी राकेश कुमार अग्रवाल पिता गुलाबचन्द अग्रवाल उम्र 52 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 7 रेलवे स्टेशन के पास जैतहरी ने थाना जैतहरी में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस ने आरोपी पीटर पाल के खिलाफ सायबर अपराध के तहत वित्‍तीय धोखाधड़ी करने के मामले में बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

फरियादी के अनुसार रेलवे स्टेशन जैतहरी के पास उसकी गल्ले की दुकान है तथा क्रिश ट्रेडर्स जैतहरी नाम से उनकी फर्म संचालित है, जिसका खाता भारतीय स्टेट बैंक जैतहरी में है। 19 जनवरी को उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से मोबाइल नंबर 9993380442 से संपर्क किया गया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम पीटर पाल बताते हुए स्वयं को क्रिप्टो करेंसी मार्केट में सीनियर अकाउंट मैनेजर बताया और बेहतर रिटर्न दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपी द्वारा भेजे गए कम्‍पाउडेस डॉट टॉप लिंक के माध्यम से ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाकर पहले छोटे निवेश पर लाभ दिखाया गया, जिससे फरियादी को विश्वास में ले लिया गया। इसके बाद अलग-अलग तिथियों में आरोपी के बताए अनुसार विभिन्न बैंकों के खातों व यूपीआई आईडी पर लगातार रकम जमा कराई गई।

फरियादी के अनुसार 22 जनवरी से 1 फरवरी के बीच यस बैंक, बंधन बैंक, एक्सिस बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, इंडसइंड बैंक, सिटी यूनियन बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया तथा यूपीआई के माध्यम से कुल 91 लाख 32 हजार 187 रुपये जमा कराए गए। आरोपी द्वारा हर बार बड़े मुनाफे और कमीशन का हवाला दिया गया, लेकिन राशि जमा कराने के बाद भी फरियादी को कोई पैसा वापस नहीं मिला। संदेह होने पर फरियादी ने बैंक से स्टेटमेंट निकलवाया, तब पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। आरोपी ने पूरा नाम और पता बताने से इनकार कर दिया तथा पैसे लौटाने में टाल-मटोल करने लगा। पीड़ित ने बैंक स्टेटमेंट सहित थाना जैतहरी में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी की कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।



चचाई थाना प्रभारी सुन्द्रेश सिंह ने राष्ट्रीय सुपर मास्टर्स गेम्स में रचा इतिहास

कोई टिप्पणी नहीं

कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया अनूपपुर सहित प्रदेश का मान

अनूपपुर8वें राष्ट्रीय सुपर मास्टर्स गेम्स के अंतर्गत पुणे (महाराष्ट्र) में 27 से 31 जनवरी तक आयोजित राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाड़ी सुन्द्रेश सिंह मरावी थाना प्रभारी चचाई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में प्रदेश का नाम रोशन किया। राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता उज्जैन से चयनित होने के बाद सुन्द्रेश सिंह को राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का अवसर मिला। इस प्रतियोगिता में उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी राम काजी के साथ युगल वर्ग में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया और कड़े मुकाबलों के बीच तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

पूरे टूर्नामेंट के दौरान सुन्द्रेश सिंह और राम काजी की जोड़ी ने अनुशासन, अनुभव और बेहतरीन तालमेल का परिचय दिया। देश के कई मजबूत खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए इस जोड़ी ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और अंततः कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता का समापन किया।

इस उपलब्धि पर अनूपपुर जिला सहित पूरे प्रदेश के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने सहित पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और साथी खिलाड़ियों ने सुन्द्रेश सिंह को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई देते हुए इसे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है। सुन्द्रेश सिंह की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि अनूपपुर और प्रदेश के खेल जगत के लिए गर्व का क्षण है।

Anuppur: गला घोंटकर हत्या करने वाले आरोपी को आजीवन कारावास

कोई टिप्पणी नहीं

अनूपपुरजिला न्यायालय अनूपपुर ने गला घोंटकर महिला की हत्या करने के मामले में आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश नरेंद्र पटेल की अदालत ने सत्र प्रकरण क्रमांक 16/24 थाना जैतहरी में आरोपी राजेश पनिका उर्फ गोलू 26 वर्ष निवासी कदमसरा, छिरहाटोला को दोषी ठहराते हुए यह फैसला सुनाया। न्यायालय ने आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत आजीवन कारावास एवं 7 हजार रुपये का अर्थदंड तथा धारा 201 के तहत 7 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 3 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया है। यह निर्णय 31 जनवरी को सुनाया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए इसे जिला दंडाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय चिन्हित एवं सनसनीखेज समिति द्वारा सनसनीखेज मामलों की श्रेणी में रखा गया था। मामले की सतत मॉनिटरिंग पुलिस अधीक्षक द्वारा की जा रही थी। विवेचना उप निरीक्षक पी.सी. कोल द्वारा की गई, जबकि न्यायालय में अभियोजन की ओर से प्रभारी जिला अभियोजन अधिकारी हेमंत अग्रवाल ने पैरवी की।

अभियोजन के अनुसार घटना 20 मार्च 2024 की है। फरियादी जब घर लौटा तो उसने अपनी पत्नी का शव मयार से बंधी नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच में पाया कि मृतिका की गर्दन के पीछे ठोस वस्तु से चोट के निशान तथा ठुड्डी में सूजन थी, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि महिला की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी राजेश उसी रात मृतिका के घर गया था। मृतिका की बेटी के लापता होने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि राजेश ने लोहे की रॉड से मृतिका की गर्दन पर वार कर उसे बेहोश किया फिर नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। न्यायालय ने प्रकरण में प्रस्तुत सभी मौखिक, दस्तावेजी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का सूक्ष्म परीक्षण किया। दोनों पक्षों को सुनने के बाद आरोपी को दोषी पाते हुए उसे उपरोक्त सजा से दंडित किया गया।

अनूपपुर में एलआरटी चावल परिवहन घोटाला उजागर

कोई टिप्पणी नहीं

30 ट्रक चावल मिसिंग, करीब 4.10 करोड़ रुपये का अनुमानित नुकसान

एमपी स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन ने गठित की तीन सदस्यीय जांच टीम

अनूपपुरमध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, अनूपपुर में वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 के दौरान किए गए एलआरटी (लॉन्ग रूट ट्रांसपोर्टेशन) चावल परिवहन कार्य में गंभीर अनियमितताओं और संभावित भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। अनूपपुर जिले से अन्य जिलों में चावल परिवहन का कार्य मेसर्स फौजी ट्रांसपोर्टर को सौंपा गया था। परिवहनकर्ता द्वारा प्रस्तुत बिलों के भुगतान में अंतर पाए जाने पर मामले का खुलासा हुआ।

10 प्रतिशत बिल भुगतान की जांच में खुला फर्जीवाड़ा

परिवहनकर्ता को पहले ही 90 प्रतिशत बिल भुगतान किया जा चुका था। शेष 10 प्रतिशत भुगतान से पूर्व जब बिलों की गहन जांच की गई, तो दूरी, वजन और परिवहन मात्रा में गंभीर भिन्नताएं सामने आईं। इस पूरे मामले को उजागर करते हुए जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी एवं एमपीएससीएस अनूपपुर की प्रभारी जिला प्रबंधक अनीता सोरते ने पत्र क्रमांक/लेखा-भुगतान/2025-26/130 दिनांक 16 जनवरी को एमपी स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन भोपाल के प्रबंध संचालक, कार्यपालन संचालक (वित्त), कलेक्टर तथा क्षेत्रीय प्रबंधक को अवगत कराया।

सीएसएमएस पोर्टल में 30 ट्रक चावल मिसिंग

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एलआरटी परिवहन के अंतर्गत भेजे गए कई ट्रकों की सीएसएमएस पोर्टल पर ऑनलाइन प्राप्ति दर्ज नहीं है। अब तक की जांच में लगभग 30 ट्रक चावल, जिसका वजन करीब 10 हजार क्विंटल और अनुमानित लागत 4 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है, मिसिंग पाए गए हैं। प्राप्ति जिलों से रिपोर्ट मंगाई जा रही है और सीएसएमएस पोर्टल के माध्यम से विस्तृत जांच जारी है। एमपी स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन अनूपपुर द्वारा प्रथम परिवहन आदेश भिंड, ग्वालियर, खंडवा, द्वितीय परिवहन आदेश निवाड़ी, मुरैना, टीकमगढ़ के लिए एलआरटी चावल परिवहन कराया गया था।

तीन सदस्यीय जांच टीम गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंध संचालक द्वारा पत्र क्रमांक/परिवहन/445860/2025/165 दिनांक 27 जनवरी 2026 को क्षेत्रीय प्रबंधक, रीवा को निर्देश जारी किए गए। इसके तहत क्षेत्रीय प्रबंधक रीवा, जिला प्रबंधक अनूपपुर, लेखापाल/प्रबंधक (वित्त) की तीन सदस्यीय संयुक्त जांच टीम गठित की गई है। इसके बाद 28 जनवरी 2026 को क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा शहडोल के प्रभारी जिला प्रबंधक एम.एस. उपाध्याय को तत्काल अनूपपुर प्रवास कर दो दिवस में प्रकरण का निराकरण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित परिवहनकर्ता सहित जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई संभव है।



न्यू-जोन इंडिया की 1600 मेगावाट परियोजना पर जनसुनवाई, विकास के साथ पर्यावरण सुरक्षा पर जोर

कोई टिप्पणी नहीं

ताप विद्युत परियोजना पर ग्रामीणों की शर्तें, वायु-जल और भूमि की सुरक्षा अनिवार्य

इंट्रो- विकास की आवश्यकता और पर्यावरण की जिम्मेदारी के बीच संतुलन तलाशते हुए रक्साकोलमी क्षेत्र में प्रस्तावित 2×800 मेगावाट ताप विद्युत परियोजना को लेकर लोक सुनवाई आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों, प्रशासन और कंपनी के बीच हुए संवाद में जहाँ रोजगार और विकास की उम्मीदें सामने आईं, वहीं वायु, जल और भूमि संरक्षण को लेकर गंभीर चिंताएँ भी प्रमुखता से उठीं।

अनूपपुर। अनूपपुर जिले के रक्साकोलमी क्षेत्र में न्यू-जोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (टोरंट पावर लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी) द्वारा प्रस्तावित 2×800 मेगावाट क्षमता वाली कोयला आधारित अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल ताप विद्युत परियोजना के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति हेतु बुधवार 7 जनवरी को रक्सा खेल मैदान में लोक सुनवाई आयोजित की गई। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, शहडोल के तत्वावधान में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ। लोक सुनवाई में क्षेत्र के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और मीडिया की उपस्थिति रही। ग्राम रक्सा की सरपंच उमा सिंह और ग्राम कोलमी के सरपंच राजू पनिका ने अपनी-अपनी ग्राम सभाओं की ओर से लिखित प्रस्ताव प्रस्तुत कर परियोजना के पक्ष में समर्थन व्यक्त किया। वहीं ग्रामीण वक्ताओं चक्रधर मिश्रा, अमोल सिंह मरकाम, आदित्य राठौर, नरेंद्र राठौर और छत्रधारी राठौर ने विकास और रोजगार की संभावनाओं के बावजूद परियोजना से जुड़ी गंभीर चिंताओं को भी जोर-शोर से उठाया। उन्होंने विशेष रूप से जमीन अधिग्रहण की पारदर्शिता, विस्थापन की अनिश्चितता, मुआवजे की न्यायसंगत व्यवस्था, कृषि भूमि और जल स्रोतों पर दीर्घकालिक प्रभाव, वायु प्रदूषण, फ्लाई ऐश निपटान और स्थानीय स्वास्थ्य जोखिम जैसे मुद्दों पर तीखे सवाल पूछे।


अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पांडे की अध्यक्षता में आयोजित इस सुनवाई में मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. अशोक तिवारी और कंपनी के कंसल्टेंट ग्रीन सी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की प्रतिनिधि नंदनी ने ईआईए (पर्यावरणीय प्रभाव आकलन) की प्रमुख बातें साझा कीं। अधिकारियों ने ग्रामीणों द्वारा उठाई गई सभी आशंकाओं को गंभीरता से सुना और अभिलेखित किया। कंपनी प्रतिनिधियों ने परियोजना में अत्याधुनिक वायु प्रदूषण नियंत्रण प्रणाली
, फ्ल्यू गैस डिसल्फराइजेशन, इलेक्ट्रोस्टैटिक प्रीसिपिटेटर, वैज्ञानिक जल प्रबंधन, जीरो लिक्विड डिस्चार्ज नीति, फ्लाई ऐश का सुरक्षित निपटान और हरित पट्टी का विकास सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों ने मांग की कि जल स्रोतों की सुरक्षा, स्वच्छ हवा और पेयजल की उपलब्धता, कृषि और वन क्षेत्रों पर न्यूनतम प्रभाव सुनिश्चित करने के लिए कंपनी समय-समय पर सार्वजनिक रिपोर्ट जारी करे और स्थानीय प्रतिनिधियों को निगरानी प्रक्रिया में शामिल करे। कंपनी ने इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को प्राथमिक रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े दीर्घकालिक सीएसआर प्रोजेक्ट का वचन भी दोहराया।

लोक सुनवाई में प्रशासनिक संतुलन, ग्रामीणों की तीखी आपत्तियाँ और परियोजना के पक्ष में समर्थन को ध्यान में रखते हुए यह आयोजन अनूपपुर जिले में ऊर्जा सुरक्षा, रोजगार सृजन और पर्यावरण-संवेदनशील औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

© all rights reserved
made with NEWSANUPPUR